संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। हैफेड (हरियाणा स्टेट को-ऑपरेटिव सप्लाई एंड मार्केटिंग फेडरेशन लिमिटेड) में कार्यरत अनुबंधित कर्मचारियों को नौकरी सुरक्षा अधिनियम-2024 में समायोजित करवाने के लिए कर्मचारियों ने जिला प्रबंधक मांगेराम को बुधवार को मांगपत्र सौंपा।
जिला महाप्रबंधक ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि वे उनका मांगपत्र सरकार तक पहुंचाएंगे। कर्मचारी कमल, सुभाष, मांगेराम, रमेश, राकेश, सुमित, बक्शीश, अनिल, सतीश ने बताया कि जिले के हैफेड विभाग में लंबे समय से कार्यरत करीब 250 अनुबंधित कर्मचारियों, जिन्होंने पांच या इससे अधिक वर्ष की सेवा पूरी कर ली है और सरकार द्वारा प्रदत्त नौकरी सुरक्षा अधिनियम अगस्त-2024 की सभी शर्तें पूरी कर रहे हैं। उन्हें नौकरी सुरक्षा प्रदान की जाए।
कर्मचारियों ने बताया कि सरकार की ओर से अगस्त 2024 में घोषणा की गई थी कि सरकार के सत्ता में आते ही 1.20 लाख एचकेआरएन के तहत कार्यरत कर्मचारियों को नियमित करेगी, लेकिन सरकार नई-नई शर्तें लागू कर रही है। इससे नियमितीकरण की राह में बाधा आ रही है। हालांकि 1 जनवरी 2026 से नौकरी सुरक्षा अधिनियम लागू करने के बारे में पोर्टल खोल दिया गया है।
कर्मचारियों ने बताया कि सरकार के अधीन सभी विभागों में कर्मचारियों को समायोजित किया जा रहा है, परंतु हैफेड विभाग इसमें शामिल नहीं है। सरकार की घोषणा के अनुसार सभी एचकेआरएन के कर्मचारी इसके योग्य हैं।
कर्मचारियों ने सरकार को चेतावनी दी कि अगर जल्द सरकार की ओर से कर्मचारियों को नियमित करने की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया तो कर्मचारी आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। उसके बाद भी कोई संज्ञान नहीं लिया गया तो कर्मचारियों को मजबूरन कोर्ट का सहारा लेना पड़ेगा।