सिरसा। उच्चतर शिक्षा विभाग ने राजकीय महिला महाविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2023-24 से बीसीए, बीबीए व बीए विद कंप्यूटर साइंस कोर्सेज शुरू किए जाने की अनुमति प्रदान की है। इसकी पूरी जानकारी महाविद्यालय की वेबसाइट पर दर्ज किया गया है।
प्राचार्य रामकुमार जांगड़ा ने बताया कि इन विषयों के साथ-साथ महाविद्यालय में बीए, बीकॉम व बीएससी मेडिकल, नॉन-मेडिकल, कंप्यूटर साइंस प्रथम वर्ष में भी ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया हेतु विभिन्न समितियों का गठन किया जा चुका है। जिसमें प्रो. यशपाल रोज को प्रभारी व डाॅ. प्रदीप कुमार को संपर्क अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राजकीय महिला महाविद्यालय इस जिले का बीसीए कोर्स शुरू करने वाला पहला राजकीय महिला महाविद्यालय है। प्राचार्य ने कहा कि अब छात्राएं इस महाविद्यालय में प्रवेश लेकर तकनीक, कंप्यूटर, विज्ञान, वाणिज्य, कला एवं अन्य क्षेत्रों में विशेषज्ञता हासिल कर अपनी सफलता के हस्ताक्षर दर्ज करवा सकती हैं। उन्होंने अभिभावकों का आह्वान किया है कि वह अपनी बच्चियों के सफल एवं उज्ज्वल भविष्य को सुनिश्चित बनाने हेतु राजकीय महिला महाविद्यालय में उनको प्राथमिकता के आधार पर प्रवेश दिलवाएं।