सिरसा। उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से किसानों की फसलों को पिछले दिनों बारिश से हुए नुकसान की भरपाई की जाएगी। जिला प्रशासन को गिरदावरी करने संबंधी आदेश दिए जा चुके हैं।
जिले के गांव ताजिया खेड़ा में जनसभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि किसान स्वयं भी अपनी फसलों के नुकसान का ब्योरा ई-फसल क्षतिपूर्ति पोर्टल पर कर सकते हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दिनों पूरे प्रदेश में हुई बारिश के कारण खेतों आदि स्थानों पर पानी जमा की स्थिति बन गई है, इसलिए सिंचाई व राजस्व विभाग के अधिकारियों को खेतों से पानी निकालने संबंधी भी आदेश दिए गए हैं, ताकि खेतों में तैयार फसल को कोई नुकसान न हो और जमा पानी के कारण रबी सीजन की फसलों की बुवाई करने में देरी न हो। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों की हर सीजन की फसल को उचित दाम पर खरीदने का काम किया है फसल के दाम भी सीधे किसानों के खाते में भेजे जा रहे हैं।
विकास कार्यों को गति देने के लिए सभी का सहयोग जरूरी
ग्रामीण अंचल में विकास कार्यों को गति देने के लिए सभी का सहयोग जरूरी है। प्रदेश के गांवों में बच्चों की खेल प्रतिभा को निखारने के लिए खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है। महिलाओं की भागीदारी होने से गांवों के विकास को और गति मिलेगी।
गांव में लाइब्रेरी बनने से युवाओं को होगा लाभ
डिप्टी सीएम ने कहा कि पार्क में स्थित कमरों में लाइब्रेरी बनाई जाए, ताकि गांव के युवाओं को यहां पढ़ने व तैयारी करने की अच्छी सुविधा मिले सके। इस लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी संबंधी किताबें उपलब्ध करवाई जाए, ताकि युवाओं को तैयारी करने के लिए दूर किसी शहर में न जाना पड़े। इसमें गांव का कोई भी रिटायर्ड अध्यापक या अन्य पढ़ा-लिखा युवक अपने गांवों के बच्चों को निशुल्क कोचिंग दे सकता है। इस अवसर पर हलका अध्यक्ष सुधीर, युवा जिला अध्यक्ष अजब ओला, शारदा सिहाग, अंजनी लड्डा, नितिन टांडी, जीत मारू, राजा भोबिया, कैलाश ढिल, सुशील ढिल, जगदीश ढिल, जयपाल नैन मौजूद रहे।