सिरसा। हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने किसान व आढ़तियों के साथ रविवार को बैठक की। बैठक के उपरांत उन्होंने कहा कि सरकार न तो किसानों की समस्या का समाधान कर रही है, न ही आढ़तियों को 2.5 प्रतिशत कमीशन दे रही है।
केंद्र सरकार को किसानों से बातचीत करके उनकी समस्या का समाधान करना चाहिए। सरकार की गलत नीतियों के कारण किसान व आढ़ती बर्बादी के करार पर हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बार-बार कहती है कि किसान की हर फसल एमएसपी पर खरीदी जाएगी। जब सरकार बार-बार फसल एमएसपी पर खरीद करने की बात कर रही है। ऐसे में सरकार को अनाज एमएसपी पर खरीद करने का कानून बनाना चाहिए।
बार-बार आंदोलन होने के कारण हरियाणा के साथ लगती पंजाब की सीमाएं बंद करने से अंबाला, जींद, कैथल, डबवाली आदि शहरों में 50 प्रतिशत व्यापार व उद्योग ठप हो गए हैं। किसानों के साथ-साथ व्यापारी को परेशानी उठानी पड़ रही है। बजरंग गर्ग ने बताया कि व्यापारी प्रतिनिधियों का विशेष सम्मेलन 22 दिसंबर को सिरसा के गोलछा पैलेस में रखा गया है।