सिरसा। सरसों की मंडी में आवक तेज होने के बाद सोमवार को सरकार की ओर से खरीद प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सिरसा में 206 क्विंटल सरसों की एमएसपी पर खरीद हो पाई है। हालांकि कई किसानों की ओर से मंडी में पहुंचाई गई सरसों में नमी अधिक होने के कारण उन्हें निजी व्यापारियों को सरसों बेचने पर मजबूर होना पड़ा।
जिले में हर रोज दो हजार क्विंटल सरसों की आवक हो रही है। लेकिन नमी अधिक होने व टोकन न कटने के चलते सरकार एजेंसी की ओर से एमएसपी पर खरीद प्रक्रिया शुरू नहीं की गई। हालांकि हैफेड की ओर से कॉमर्शियल खरीद प्रक्रिया शुरू की गई है। लेकिन उसमें भी कई शर्तें पूरी होने पर किसानों से सरकारी भाव पर सरसों की खरीद की जाती थी। सोमवार को मौसम साफ होने और आवक अधिक होने के चलते मंडी में सरकारी खरीद प्रक्रिया शुरू हो गई। मंडी में पहले दिन 206 क्विंटल सरसों की खरीद की गई है। जिसके चलते किसानों को अब कुछ हद तक राहत मिलेगी और मंडी में आवक पहले से बढ़ना शुरू हो जाएगी ।
मंडी में सरकारी खरीद प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहले दिन 206 क्विंटल सरसों एमएसपी पर खरीदी गई है। किसान सरसों को सुखाने के बाद ही उसे मंडी में लेकर पहुंचे ।
विरेंद्र मेहता, सचिव, मार्केट कमेटी सिरसा ।