सिरसा। आम आदमी पार्टी ने गांव दड़बी में बिजली आंदोलन की शुरुआत की। पंजाब के परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर व प्रदेश कैंपेन कमेटी के चेयरमैन डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि दिल्ली और पंजाब की तर्ज पर आम आदमी पार्टी हरियाणा में भी 300 यूनिट बिजली फ्री देगी।
डॉ. तंवर ने कहा कि 9 जुलाई को पार्टी की ओर से पंचकूला से बिजली आंदोलन की शुरुआत की गई थी। आम आदमी पार्टी हरियाणा के हर गांव में पहुंचेगी और मौजूदा गठबंधन सरकार की पोल खोलेगी। प्रदेश में आप की सरकार बनते ही पंजाब की तर्ज पर 300 यूनिट बिजली फ्री दी जाएगी। अच्छे स्कूल और अस्पताल बनाएंगे। उन्होंने कहा कि आज पूरा प्रदेश महंगाई और बिजली कट से पूरी तरह से परेशान है। प्राकृतिक आपदा के चलते भारी नुकसान हुआ है। गठबंधन सरकार की नीतियों के चलते किसानों को बहुत बड़ा घाटा हुआ है। चिंताजनक है कि गठबंधन सरकार ने किसानों को अभी तक मुआवजा नहीं दिया है।
पंजाब के परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने कहा कि दिल्ली में पिछले 10 वर्षों से लगातार आम आदमी पार्टी की सरकार है। दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी ने बड़ा बदलाव किया है। स्कूलों और अस्पतालों की सीरत और सूरत बदली गई है। दिल्ली की तर्ज पर ही पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनी और आम आदमी पार्टी की सरकार सभी वर्गों को साथ लेकर चलते हुए पंजाब का सामान विकास करवा रही है। इस अवसर पर दोनों आप नेताओं ने अधिक बिजली बिलों की प्रतिलिपियां जलाई।