चोपटा। 49वीं जूनियर नेशनल वालीबॉल प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर आए अंकित, केवल व अनिष का स्व
चोपटा। राजस्थान के पिलानी में आयोजित 49वीं जूनियर नेशनल वाॅलीबाल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर आए अंकित, केवल व अनिष का नाथूसरी चोपटा में स्वागत किया गया। शिव मंदिर धर्मशाला में तीनों होनहार खिलाड़ियों का फूल मालाओं से स्वागत किया व क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने सफलता पर बधाई दी।
खिलाड़ियों के सम्मान में चोपटा से पैतृक गांव नाथूसरी कलां तक लोगों ने मोटरसाइकिलों व अन्य वाहनों के साथ विजयी जुलूस निकाला। चोपटा के भट्टू रोड, भादरा रोड, नोहर रोड पर क्षेत्रवासियों ने स्वागत किया। राजस्थान के पिलानी में 16 से 21 दिसंबर तक आयोजित सब जूनियर नेशनल वाॅलीबाल प्रतियोगिता में हरियाणा की टीम ने दिल्ली की टीम को फाइनल मुकाबले में हराकर ट्राॅफी जीती।
हरियाणा की टीम से चोपटा क्षेत्र के गांव नाथूसरी कलां निवासी अंकित कुमार और अनीष कुमार सोनी व ताजिया खेड़ा निवासी केवल कुमार ने भाग लेकर अपनी टीम को सफलता दिलाई। नाथूसरी चोपटा के शिव मंदिर धर्मशाला में सम्मान उनके सम्मान के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें कोच राहुल बेनीवाल के साथ-साथ सबसे पहले पूर्ण दास महाराज ने उनका स्वागत किया। सरपंच रीटा जगतपाल कासनिया, समाजसेवी रविंद्र कासनिया, हनुमान सिंह, अमर सिंह, विकास कुमार, बंशी मास्टर, राजपाल व अन्य मौजूद रहे।