40 वर्षों से बावरी परिवार द्वारा ग्रामीणों के सहयोग से आयोजित हो रहा मेला
फोटो - 30
संवाद न्यूज एजेंसी
रानियां। गांव जगजीत नगर में गोगा पीर का मेला श्रद्धा और उत्साह के साथ मंगलवार को धूमधाम से मनाया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गोगा पीर की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मेला 40 वर्षों से बावरी परिवार द्वारा ग्रामीणों के सहयोग से आयोजित हो रहा है।
आयोजकों ने बताया कि यह मेला तीन दिनों तक चलता है। श्रद्धालु आस्था के चलते तीन दिन तक व्रत रखते हैं। कई श्रद्धालु भूखे-प्यासे रहकर गोगा पीर की आराधना करते हैं। मेले के दौरान पूरे गांव में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
ग्रामीणों ने बताया कि यह मेला गांव की चार दशक पुरानी धार्मिक परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। मेले से आपसी भाईचारा, सामाजिक एकता और सद्भाव को भी बढ़ावा मिलता है। आने वाली पीढ़ियों को इस परंपरा से जोड़ने के लिए हर वर्ष आयोजन होता है।
मेले के आयोजन में बाबा इकबाल सिंह, कृष्ण सिंह, राजा सिंह, नानक सिंह, धीर सिंह, कपूर सिंह, रंजीत सिंह, लाल सिंह, बलवीर सिंह, शिंदा सिंह और मघर सिंह सहित अनेक ग्रामीणों ने सहयोग दिया।
गोगा जी की मान्यता
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार गोगा जी को जाहरवीर गोगा पीर के नाम से भी जाना जाता है। वह वीरता और लोक आस्था के प्रतीक माने जाते हैं। लोक परंपरा में उन्हें नाग देवता से भी जोड़ा जाता है। श्रद्धालु उनकी पूजा कर सुख-शांति की कामना करते हैं। राजस्थान, हरियाणा और पंजाब सहित कई क्षेत्रों में गोगा जी की विशेष श्रद्धा से पूजा की जाती है। भाद्रपद माह में लगने वाले उनके मेलों में दूर-दूर से श्रद्धालु माथा टेकने पहुंचते हैं।