सीडीएलयू में प्रदर्शन करते विद्यार्थी। संवाद
- फोटो : Sirsa
सिरसा में चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के हॉस्टल में घटिया खाना देने का आरोप लगाकर सोमवार रात विद्यार्थियों ने कुलपति आवास के बाहर हंगामा कर दिया। छात्राओं ने सीडीएलयू प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। हंगामे के दौरान एक छात्रा बेहोश हो गई। लगभग एक घंटा बाद एंबुलेंस को बुलाया गया। छात्राओं ने खराब खाना देने का आरोप लगाया है।
मामले के अनुसार हॉस्टल में अच्छी क्वालिटी का खाना उपलब्ध करवाने की मांग को लेकर छात्राओं ने सोमवार रात आठ बजे प्रदर्शन किया शुरू कर दिया। उनकी सीडीएलयू के अधिकारियों से बहस हुई। इस दौरान एक छात्रा की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई।
आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने कोई सहयोग नहीं किया। इसके बाद छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा और रात करीब नौ बजे के बाद हॉस्टल से बाहर आकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
गेट बंद होने के कारण सभी छात्राएं बाहर नहीं आ सकीं, लेकिन 50 छात्राएं हॉस्टल के बाहर निकल गईं और कुलपति आवास के बाहर धरने पर बैठ गईं। सूचना मिलने पर छात्र भी हॉस्टल से बाहर आ गए और उनके समर्थन में धरना दे दिया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। देर रात तक पुलिस विद्यार्थियों को समझाने में जुटी रही।