सिरसा में देर रात पंजाब के साथ लगते गांव मुसाहिब वाला और गांव नेजा डेला खुर्द में घग्गर का बांध टूट गया है। प्रशासन की ओर से घग्गर के बांध को बांधने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन बहाव अधिक होने के कारण स्थिति खराब हो रही है। अगर बांध की दरार को जल्द ही नहीं भरा गया तो करीब 4000 एकड़ में पानी फैलने की आशंका है।
सिरसा। जिले में घग्गर अब खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। सुबह अधिक पानी पहुंचने पर गांव रंगा के पास बांध टूट गया था। करीब 20 एकड़ फसल में जलभराव हो गया। वहीं, शाम को अब घग्गर का जलस्तर 34 हजार क्यूसेक तक पहुंच गया है।
जलस्तर बढ़ने के कारण अब कई स्थानों पर घग्गर के छोटे बांध में दरारें भी आ रही हैं। वहीं, बाढ़ से स्थिति खराब होने के चलते अब उपायुक्त पार्थ गुप्ता ने जिले के 49 गांवों में स्कूलों में 18 जुलाई तक छुट्टियां कर दी हैं।
फतेहाबाद जिले के जाखल क्षेत्र में आई बाढ़ के चलते गांव कासिमपुर, नड़ैल व कुदनी हेड का संपर्क जाखल व टोहाना से टूट गया है। जाखल के 11 गांवों व रतिया के पांच गांवों में घग्गर का पानी भर चुका है और फसलें पूरी तरह से पानी में डूब गई हैं।
गांव हिम्मतपुरा में ग्रामीणों ने अपने पशुधन को रेलवे लाइन पार ले जाकर बांधा है। गांव शक्करपुरा में रंगोई नाले में लीकेज हो गई है। प्रशासन व ग्रामीणों की टीम ने बड़ी मशक्कत के बाद लीकेज को बंद किया। उपायुक्त मनदीप कौर ने जाखल के बाद रतिया व टोहाना खंड के 12वीं तक के स्कूलों में 23 जुलाई तक छुट्टियां घोषित कर दी हैं।