संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। सीआईए ने ट्रांसफार्मरों से कॉपर वायर व तेल व अन्य सामान चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। सीआईए ने कबाड़ी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी पहले खेतों में रेकी करते और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दे देते थे। इसके बाद चोरी किया सामान पंजाब में बेच आते थे। आरोपियों ने पूछताछ में ऐलनाबाद व डिंग आदि क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर से कॉपर वायर, केबल व तेल चोरी की आठ वारदात करनी कुबूल की है।
सीआईए प्रभारी इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार ने बताया कि चोरी की इन वारदात के संबंध में संबंधित थानों में अभियोग दर्ज कर जांच सीआईए सिरसा पुलिस को सौंपी गई थी। उन्होंने बताया कि इन वारदात को सुलझाने के लिए सीआईए ने राजस्थान के रावला मंडी निवासी सुखदेव सिंह व सुखविंदर सिंह और चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी राहुल निवासी अरनियांवाली पंजाब को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि आरोपी पहले खेतों में रेकी करते और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दे देते थे। इसके बाद चोरी किया सामान पंजाब के अरनियांवाली निवासी राहुल को बेच देते थे। उन्होंने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान उनकी निशानदेही पर चोरी किया गया सामान बरामद किया जाएगा।