मकान नीचे होने से पहली बारिश में घरों में चला गया था पानी
27 अप्रैल को दोबारा से होगी गली के मामले में सुनवाई
फोटो - 48
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। तीन महीने से अधिक समय से वार्ड नंबर 21 के नोहरिया बाजार की गली कांडा वाली का निर्माण कार्य आपसी विवाद के चलते रुका हुआ था। कोर्ट के आदेशों पर बुधवार को गली निर्माण कार्य का काम तेजी से शुरू हुआ।
एजेंसी ने जेसीबी मशीन की सहायता से गली के लेवल को नीचे करने का काम शुरू कर दिया है। जिला न्यायालय के आदेशों पर गली को दोबारा से निर्माण किए जाने को लेकर पहले से बिछी इंटरलॉकिंग टाइलों को हटाने का काम पहले किया गया था। नगर परिषद के कनिष्ठ अभियंता राहुल ने गली में पहुंचकर निर्माण एजेंसी को पहले के लेवल पर गली का निर्माण किए जाने के निर्देश दिए थे।
जनवरी में नगर परिषद के अधिकारियों व एजेंसी ठेकेदार ने दो से तीन इंच गली का लेवल उठा दिया था। इसने राजनीतिक रूप ले लिया। विधायक गोकुल सेतिया को गली निर्माण के लिए उपायुक्त को फोन करना पड़ा। हालांकि, इस गली में मकान नीचे होने के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
गली के कुछ लोगों ने गली निर्माण को लेकर न्यायालय में याचिका दायर की थी। 24 मार्च को याचिका पर सुनवाई करते हुए न्यायालय ने 30 दिनों के भीतर नगर परिषद को इस गली का निर्माण पूर्व के लेवल पर करने के आदेश दिए थे।
बॉक्स
27 अप्रैल को गली निर्माण मामले में होगी पुनः सुनवाई
अधिकारियों के अनुसार, गली कांडा वाली के निर्माण के समय निर्माण एजेंसी की ओर से गली का लेवल ऊंचा उठाने को लेकर 24 मार्च को जिला न्यायालय में सुनवाई हुई थी। नगर परिषद के कनिष्ठ अभियंता को न्यायालय के आदेश पर 30 दिनों के भीतर इस गली को दोबारा से पुराने लेवल पर निर्माण के आदेश दिए थे। अब इस मामले में 27 अप्रैल को सुनवाई है।