सिरसा। कपास मंडी में शिफ्टिंग के लिए फल आढ़तियों की प्रशासन के साथ सहमति नहीं बन रही है। वहीं मार्केट कमेटी सचिव का कहना है कि फल मंडी केे कपास मंडी में शिफ्ट न करने की स्थिति में पुरानी मंडी गेट पर ताला बंदी कर माल को अंदर जाने से रोका दिया जाएगा। हालांकि मंडी शिफ्टिंग मामले को लेकर फल व सब्जी मंडी आढ़तियों की रविवार शाम को दो घंटे तक बैठक हुई लेकिन कोई नतीजा नहीं निकल पाया।
मार्केट कमेटी सचिव विकास सेतिया ने बताया कि फल आढ़तियों को कपास मंडी में शिफ्ट करने को लेकर दो नोटिस जारी कर दिए हैं लेकिन फल आढ़तियों द्वारा मंडी शिफ्ट करने को लेकर तैयार नहीं है। उनका कहना है कि वह मंडी को पुरानी मंडी में ही लगाएंगे। मार्केट कमेेटी सचिव ने बताया कि सोमवार को फल मंडी कपास मंडी में ही लगानी होगी। अगर फल आढ़ती मंडी शिफ्ट नहीं करते तो पुरानी मंडी में फल आढ़तियों का सामान नहीं जाने दिया जाएगा। साथ ही कपास मंडी में फल नहीं बेचने वालों को प्रशासन ने नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
गौरतलब है कि रानियां रोड स्थित सब्जी मंडी में फल मंडी को शिफ्ट करने को लेकर विक्रेताओं ने बीते वीरवार रात को हंगामा कर दिया। जिस पर मार्केट कमेटी कर्मचारियों ने मंडी के ताला लगा दिया। बाद में मंडी के ताला खोल दिया गया। हंगामे की सूचना पाकर पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और पुलिस ने फल विक्रेताओं को समझाने का प्रयास भी किया। इसी के साथ पहले फल मंडी कपास मंडी में शिफ्ट नहीं किए जाने पर नोटिस जारी किया गया।
फल मंडी प्रधान सुरेंद्र बजाज का कहना है कि कपास मंडी में 80 से अधिक आढ़तियों की दुकानों होने के कारण कोविड नियमों को पालन नहीं हो रहा है। साथ ही गर्मी अधिक होने से फल आढ़तियों के फल खराब हो रहे हैं। कपास मंडी में फल को अधिक तापमान में रखे होने के कारण वह गर्म हो जाते हैं और कोल्ड स्टोर में दोबारा रखने से फिर वह खराब हो रहे हैं, जिसके कारण फल आढ़तियों को आर्थिक नुकसान हो रहा है।
कपास मंडी में सोमवार से फल मंडी लगानी होगी। ऐसा नहीं करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। पुरानी मंडी में ताला बंदी कर माल को अंदर आने नहीं दिया जाएगा। - विकास सेतिया, मार्केट कमेटी सचिव, सिरसा