सीआईए सिरसा ने रुपये दोगुने करने का लालच देकर लोगों को ठगने वाले गिरोह के चार गुर्गों को शनिवार को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने गिरोह के जगदेव सिंह उर्फ कीडी निवासी बरनाला व भूरा सिंह निवासी कीर्तिनगर, सिरसा का दो दिन का पुलिस रिमांड दिया। जबकि जीवन सिंह निवासी बरनाला व अशोक कुमार निवासी भारत नगर सिरसा को जेल भेज दिया। गिरोह के चारों सदस्यों को सिरसा सीआईए ने शुक्रवार को सिरसा व बरनाला से गिरफ्तार किया था। आरोपियों के खिलाफ मानसा निवासी जुगराज सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई थी। जुगराज सिंह से गिरोह ने दो लाख 40 हजार रुपये दोगुना करने का लालच देकर ठगे थे।
सीआईए प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि गिरोह में आठ से दस गुर्गे सक्रिय हैं। आरोपियों से अभी दो लाख 40 हजार रुपये की राशि बरामद करनी है। आरोपियों ने माना कि वे इस मामले में पहले भी कई लोगों को रुपये दोगुने करने का लालच दे चुके हैं। जगदेव सिंह पर पंजाब में पहले भी मामला दर्ज है। आरोपियों ने कुबूला कि लोगों को पैसा दोगुना करने का लालच देकर अपने चुंगल में फंसाते थे। जब वे हमारे पास आते तो उन्हें पैसा दिखाकर पुलिस से बचने का बहाना बनाकर प्लानिंग के तहत उन्हें शहर से बाहर ले जाते थे। पैसे हमारे लोगों के पास होते थे और गिनने के बहाने से हमारे लोग उनके साथ गाड़ी में बैठ जाते थे। गिरोह के गुर्गे पुलिस की वर्दी में इशारा पाकर रेड कर देते थे। मौके से हमारे पैसे गिनने वाले साथी पैसों सहित फरार हो जाते थे।