शहर की कपास मंडी में एक फर्म के साथ धान खरीद के नाम पर 8.34 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने फर्म के संचालक की शिकायत के आधार पर 4 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में फर्म के संचालक कपास मंडी सिरसा दुकान नंबर 12 निवासी गुरमीत सिंह ने बताया कि संगरूर पंजाब की शक्ति राइस मिल के साथ 2015 में उन्होंने व्यापार किया था। करार के मुताबिक उन्होंने करोड़ों रुपए का धान शक्ति राइस मिल को भेज दिया। शुरू में तो मिल के संचालक पेमेंट करते रहे। लेकिन बाद में पेमेंट नहीं की। जब भी पेमेंट की बात की तो उन्होंने इक्ट्ठी देने की बात कही। उन्होंने विश्वास कर दोबारा पेमेंट नहीं मांगी। इसके बाद से लगातार कई बार मिल के संचालक को पैसे बाबत कहा गया, लेकिन वे टरकाते रहे। गत दिवस जब मिल संचालक से बात की तो वह पैसे देने से मुकर गया। जिसके बाद उसने तुरंत पुलिस को इस संबंधी सूचित किया। जांच अधिकारी एएसआई सतीश कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द दोनों पक्षों को बुलाकर मामले की जांच की जाएगी।