सिरसा। पुलिस की गिरफ्त में दोनों आरोपी। पुलिस
सिरसा। बैंक पॉलिसी के नाम पर 1.49 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में साइबर थाना पुलिस ने दो आरोपियों को बुधवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी यश मयूर विहार नई दिल्ली व दीपक ए ब्लॉक घडोली ईस्ट दिल्ली का रहने वाला है। थाना प्रभारी एसआई सुभाष ने बताया कि 30 अगस्त को गांव शाह सतनामपुरा निवासी शमशेर सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि छह मई को उसके मोबाइल नंबर पर एक कॉल आई।
कॉल करने वाले ने खुद को एचडीएफसी बैंक का कर्मचारी बताया और उसकी पत्नी के नाम चल रही लाइफ पॉलिसी का प्रीमियम वापस दिलाने के नाम पर पैसे मांगे। उक्त शख्स ने पॉलिसी के नकली कागजात भेज कर विश्वास दिलाकर उससे एक लाख 49 हजार रुपये ले लिए। शमशेर सिंह को कुछ दिन बाद उसके साथ ठगी होने का अहसास हुआ।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने 21 अगस्त 2025 को केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस को ठगी में प्रयोग किए गए खाते का पता चला। यह खाता उत्तम नगर दिल्ली निवासी निशा के नाम पर पाया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी यश ने दोस्ती का फायदा उठाकर निशा के बैंक खाते का साइबर ठगी में इस्तेमाल किया। यह भी पता चला कि यश के साथ इस वारदात में उसका साथी दीपक भी शामिल है। बुधवार को पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।