सिरसा। दोस्ती के भरोसे एटीएम देना एक युवक को महंगा पड़ गया। उसके दोस्त ने एटीएम कार्ड का गलत इस्तेमाल कर करीब 96 हजार रुपये की साइबर ठगी की। इस मामले में पुलिस ने रविवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
साइबर थाना पुलिस ने गांव बुढाभाना के राहुल और बरूवाली प्रथम के बलविंदर सिंह को पकड़ा है। साइबर थाना प्रभारी प्रेम कुमार ने बताया। पुलिस दल ने दोनों आरोपियों को गांव बड़ागुढ़ा क्षेत्र से गिरफ्तार किया। कीर्तिनगर निवासी विशाल ने 18 सितंबर को शिकायत दर्ज कराई थी।
विशाल ने बताया कि वह एक कारखाने में काम करता था। वहां उसकी दोस्ती राहुल से हुई थी। अप्रैल माह में राहुल ने घरेलू मजबूरी का हवाला देकर विशाल का एटीएम कार्ड ले लिया था। बाद में राहुल ने एटीएम का गलत इस्तेमाल कर खाते से करीब 96 हजार रुपये निकाल लिए।
शिकायत के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस की अपील : साइबर थाना प्रभारी प्रेम कुमार ने आमजन से अपील की है। उन्होंने कहा कि अपना एटीएम कार्ड, बैंक खाता, एटीएम पिन या ओटीपी किसी से साझा न करें। पुलिस ने बताया कि दोस्ती या जान-पहचान के भरोसे गोपनीय बैंकिंग जानकारी देना भी आर्थिक नुकसान का कारण बन सकता है। संवाद