सोयाबीन व सरसों का कारोबार करने के कारोबार में हिसार रोड पर बालाजी मार्केट निवासी व्यवसायी रेखा गुप्ता के साथ 47,60151 रुपये की धोखाधड़ी हो गई। इस संबंध में पीड़िता ने एसपी को शिकायत दी। जिसके बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने आमिर रजा खान मालिक गार्ज एग्रो कंपनी गोतमबुद्धा नगर यूपी, सुनील कुमार निवासी वजीराबाद दिल्ली, गौतम अग्रवाल निदेशक गार्ज एग्रो कंपनी, राकेश वर्मा निवासी गाजियाबाद के खिलाफ धोखाधड़ी व शस्त्र अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में रेखा गुप्ता ने बताया कि उसका बालाजी मार्केट में बाबा ट्रेडर्स के नाम से सोयाबीन व सरसों तेल का कारोबार है। उसकी फर्म का एक गोदाम हिसार में भी है। सुनील कुमार व विपिन चोपड़ा सोयाबीन व सरसों के तेल की विभिन्न फर्मों से मार्केटिंग का काम करते हैं। वे दोनों कई बार उसके पास आए और बताया कि आरोपित नोएडा में सोयाबीन व सरसों के तेल का काम करता है। कई बार तेल खरीदने के लिए फोन भी आए। इसके बाद नवंबर 2020 में सभी आरोपित विपिन अरोड़ा उसके हिसार रोड स्थित आफिस में आए। उस समय हिसार निवासी संजय धींगड़ा व उसके पति सुशील गुप्ता भी मौजूद रहे। आरोपितों ने करोड़ों रुपयों का व्यापार करते हैं तथा यूपी व अन्य राज्यों के अलावा दुबई व दूसरे देशों में भी व्यापार है। रेखा गुप्ता ने विश्वास कर 6165876 रुपये का सोयाबीन व सरसों का तेल अपनी फर्म से आरोपितों की फर्म को विभिन्न बिलों से दिया। कुछ समय बाद पेमेंट मांगी तो आरोपित उसके आफिस में सिरसा आए, वहां मौजूद विजय कुमार, संजय कुमार, मनोज कुमार पर पिस्तौल निकाल कर जान से मारने की धमकी दी। कहा कि अगर दोबारा रुपये मांगो तो जान से मार देंगे।