सिरसा। सिंचाई विभाग के एक्सईएन एनके भोला के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप में सिविल लाइन पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक घग्गर नदी के तटबंध को मजबूत करने संबंधी बिलों में जिन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों व जेसीबी के नंबर दिए गए थे, वो बाइक, कार, ऑटो व स्कूटर के निकले थे। मामला 2018 है, लेकिन लाखों के गोलमाल की शिकायत गृह मंत्री अनिल विज के दरबार में जाने के बाद पुलिस ने अब मामला दर्ज किया है।
सिविल लाइन एसएचओ सुरेश कुमार ने बताया कि यह मामला जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में पहुंचा था। जिसके बाद सिंचाई विभाग के एक्सईएन के खिलाफ धोखाधड़ी किए जाने का मामला दर्ज किया गया है। मामले की अब जांच की जा रही है। शिकायतकर्ता गांव तलवाड़ा खुर्द निवासी सुरेंद्र सरदाना ने बताया कि वर्ष 2018 में घग्गर नदी के तटबंध को मजबूत करने और मिट्टी डालने में जिन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों व जेसीबी के नंबर दिए थे, वो बाइक, कार, ऑटो व स्कूटर के निकले। उस वक्त एक्सईएन एनके भोला थे। आरोप है कि उन्होंने मिट्टी डालने के लिए जिन बिलों को पास किए उनमें वाहनों के नंबर बाइक, कार और ऑटो के निकले। उन बिलों पर उनके हस्ताक्षर भी थे। सरदाना ने बताया कि जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में 31 दिसंबर 2021 को इस मामले की सुनवाई हुई। जिस पर गृहमंत्री ने एसपी को जांच कर तुरंत एफआईआर करने के निर्देश दिए थे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि मामला उजागर होने के बाद एक्सईएन की ओर से इस मामले को दबाने का प्रयास किया गया। इसकी जांच अब एएसआई राजबाला को सौंपी गई है।