सर्वे के दौरान मरीजों के सैंपल लेते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ।
सिरसा। जिले में अब डेंगू के मामले सामने आने लगे हैं। जिले में शुक्रवार को ऐलनाबाद में चार और डबवाली में डेंगू के तीन मरीज मिले हैं। जिसके पश्चात स्वास्थ्य विभाग ने उक्त सभी मरीजों के घर पर सर्वे करवाने के बाद आशंकित के सैंपल भी एकत्र किए है। मरीजों के घर व आसपास के क्षेत्र में फॉगिंग भी करवाई गई है। जिले में अभी 7 मरीज ही सक्रिय हैं। जिनमें से तीन का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है और चार घर में ही रहकर उपचार करवा रहे हैं। जिले में अब तक डेंगू के कुल 107 मामले सामने आ चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिले के शहरी क्षेत्र में अब तक 70 और ग्रामीण क्षेत्र में कुल 37 डेंगू मरीज मिल चुके हैं। जिनमें से तीन मरीजों का ही निजी अस्पतालों में इलाज चल रहा है। विभाग की ओर से लोगों को हर रविवार को ड्राई डे मनाने को लेकर जागरूक किया जा रहा है और घर के आसपास पानी एकत्र न होने देने को लेकर जागरूक किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी लगातार घरों में पहुंचकर लोगों को जागरूक करने व लारवा की तलाश करने के लिए सर्वे कर रही है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब लोगों को नोटिस भी जारी किए जा रहे हैं। वहीं नगर परिषद की ओर से अब शहर के सार्वजनिक स्थानों पर दोबारा से फॉगिंग करवाने का काम शुरू किया गया है। इन स्थानों पर सबसे अधिक लोगों का आना जाना लगा रहता है। वहीं जिले में अब तक 6 मलेरिया मरीज भी मिल चुके हैं। जोकि अब स्वस्थ हो चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू मरीज के लिए आरक्षित किए 60 बेड, इलाज के लिए नहीं पहुंच रहे मरीज
अगस्त और सितंबर माह में डेंगू के मामले काफी तेजी से बढ़ रहे हैं। इसके लिए विभाग की ओर से जिले में 60 बेड आरक्षित किए गए हैं। जिसमें से 30 बेड सिरसा के नागरिक अस्पताल जबकि अन्य बेड सीएचसी और उपमंडल अस्पताल में लगाए गए हैं। हालांकि अभी सरकारी अस्पतालों में नाम मात्र ही मरीजों की तरफ से इलाज लिया जा रहा है। मरीज निजी अस्पतालों की तरफ रुख कर रहे हैं। हालांकि विभाग की ओर से बेडों पर मच्छरदानी, प्लेट्लेटस सहित अन्य दवाइयां भी उपलब्ध होने के दावे किए जाते हैं, लेकिन फिर भी मरीज यहां पर इलाज लेने के लिए नहीं पहुंच रहे हैं।
जिले में डेंगू के मामले बढ़ रहे हैं। लोग खुद का मच्छरों से बचाव करें। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार लोगों को जागरूक किया जा रहा है और सर्वे किया जा रह है। जिस क्षेत्र में डेंगू का मरीज पाया जा रहा है। वहां पर फॉगिंग करवाई जा रही है।
-डॉ. गौरव कुमार, जिला मलेरिया अधिकारी, सिरसा।