सिरसा। युवक पर लाठियों से हमला करने के मामले में न्यायालय ने चार आरोपियों को दोषी करार देते हुए एक साल कैद की सजा सुनाई है। इस मामले में आरोपी गुरसेवक 27 फरवरी 2025 को भगोड़ा घोषित हो चुका है। मामले के अनुसार शहर की जनकल्याण कॉलोनी निवासी विरेंद्र वर्मा चार दिसंबर 2017 को अपने ताऊ धर्मपाल के साथ प्लाट में खड़ा था। इसी दौरान प्रकाश गुर्जर, हरि सिंह, विक्रम, हरमीत व गुरसेवक निवासी जन कल्याण कॉलोनी ने उसपर लाठियों से हमला कर दिया। शोर मचाने पर हमलावर भाग गए। लोगों ने घायल विरेंद्र व धर्मपाल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलने पर शहर थाना सिरसा पुलिस अस्पताल पहुंची और घायलों का बयान दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ अभियोग दर्ज कर लिया। मंगलवार को इस मामले का निपटारा करते हुए न्यायालय ने प्रकाश गुर्जर, हरि सिंह, विक्रम व हरमीत को दोषी करार देते हुए एक साल कारावास की सजा सुना दी। संवाद