मंदिर का नींव पत्थर रखते मुख्य अतिथि।
ओढां। कबीर साहेब के 628वें प्रकटोत्सव के उपलक्ष्य में गांव पन्नीवाला मोटा में स्थित कबीर धर्मशाला में कबीर जयंती महोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान कृष्ण दास महाराज के सानिध्य में कबीर मंदिर का नींव पत्थर रखा गया तो वहीं सत्संग एवं भंडारे का भी आयोजन हुआ।
कार्यक्रम में इनेलो नेत्री कांता चौटाला व पंचायत समिति नाथूसरी चोपटा के चेयरमैन सूरजभान बुमरा ने मुख्य रूप से शिरकत की। अतिथियों ने संत कबीर की प्रतिमा के समक्ष पुष्प अर्पित किए। इसके उपरांत उनकी ओर से धर्मशाला परिसर में सामूहिक रूप से कबीर मंदिर का नींव पत्थर रखा गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथियों ने सभी को संत शिरोमणि कबीर के प्रकटोत्सव की बधाई देते हुए उन्हें एक महान संत बताया। उन्होंने कहा कि कबीर साहेब ने लोगों को भक्ति मार्ग से जुड़कर सद्कर्म करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज हित में कार्य करने चाहिए। इस दौरान आयोजित सत्संग में पहुंचे प्रसिद्ध भजन गायक राजू रंगीला ने सुंदर-सुंदर भजनों से गुणगान किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर कबीर धर्मशाला के सचिव संदीप बादल ने इस महोत्सव में पहुंचे मुख्य अतिथियों व ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सरपंच मंजूबाला बैनीवाल, सरपंच विकास खनगवाल आनंदगढ़, भाजपा के जिला उपाध्यक्ष सुनील बामनिया व कबीर वाटिका ट्रस्ट सिरसा से राजू लडवाल, रामकुमार नागर, उपप्रधान महेंद्र किराड़ आदि मौजूद रहे।