सिरसा। हुडा सेक्टर-20 में कारोबारी एवं ओएचएम संचालक पंकज खेमका के बंगले में हुई लाखों रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार कारोबारी के यहां पहले काम कर चुकी नौकरानी मोनिका को महाराष्ट्र के पुणे से हिरासत में लिया गया है।
इसके अलावा एक संदिग्ध को फरीदाबाद और दूसरे को नेपाल सीमा के पास से पकड़े जाने की सूचना है। वारदात के बाद फरार हुई नौकरानी बीनू की तलाश में पुलिस नेपाल सहित कई राज्यों में छापेमारी कर रही है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सिरसा पुलिस की आठ टीमें नेपाल, मेरठ, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में जांच कर रही हैं। नेपाल में बीनू के संभावित ठिकानों पर भी दबिश दी गई है। पुलिस को अब तक कुछ अहम सुराग मिलने की बात सामने आई है। मोनिका से पूछताछ के आधार पर लूटकांड से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने की उम्मीद है।
नशीला पदार्थ देकर परिवार को किया बेहोश
सेक्टर-20 में पूर्व सांसद अशोक तंवर की कोठी के पास पंकज खेमका का बंगला है। वह पत्नी नीतू और 15 वर्षीय बेटे के साथ रहते हैं। करीब 20 दिन पहले उन्होंने नेपाल निवासी बीनू को नौकरानी रखा था। बीनू को पहले काम करने वाली मोनिका ने ही उनसे मिलवाया था। पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह पंकज खेमका दिल्ली होते हुए बेंगलुरु चले गए। रात करीब साढ़े दस बजे घर में मौजूद नीतू, उनके बेटे और कुत्ते को कथित तौर पर नशीला पदार्थ दिया गया। आरोप है कि बीनू ने नीतू को अनार में मिलाकर नशीला पदार्थ दिया जबकि बेटे और कुत्ते को नशीला पदार्थ मिला दूध पिलाया। इसके बाद तीनों बेहोश हो गए।
आरोप -डेढ़ करोड़ का सोना और तीन लाख रुपये की नकदी ले गए थे आरोपी
आरोप है कि बीनू ने नीतू के हाथ रस्सी से बांधकर उनके मुंह पर टेप लगा दी और फोन कर अपने दो साथियों को बुला लिया। इसके बाद आरोपी करीब 800 ग्राम सोना जिसकी कीमत लगभग डेढ़ करोड़ रुपये बताई गई है और तीन लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। आरोपी पंकज खेमका की पत्नी की गाड़ी भी अपने साथ ले गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।