पंजाब के शातिर जालसाज हरी चंद उर्फ बंटी के एक अन्य साथी अमनप्रीत सिंह उर्फ अमन मदान वासी ढाबा कुशाल जोईया को शहर थाना पुलिस की एक टीम ने शनिवार गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। इस दौरान पुलिस टीम ने मुखबिरी के नाम पर हासिल किए गए आठ हजार रुपये भी बरामद किए हैं। शहर थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर सत्यवान शर्मा ने बताया कि विगत 14 मई को सीआईए डबवाली द्वारा पकड़े गए शातिर ठग हरी चंद उर्फ बंटी के खिलाफ शहर थाना डबवाली के तहत मुकद्दमा दर्ज किया गया था। इसके बाद बंटी के सहयोगी साथी अमनप्रीत सिंह उर्फ अमन मदान की तलाश शुरू की गई थी। जिसे शनिवार गिरफ्तार कर रविवार को उसे अदालत में पेश किया। जहां से उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में सिरसा जेल भेज दिया गया। बता दें कि इससे पूर्व सीआईए के हत्थे चढ़ा शातिर जालसाज बंटी चार दिनों के पुलिस रिमांड पर है। जिसकी रिमांड अवधि पूरी होने पर सोमवार को उसे भी अदालत में पेश किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि उक्त शातिर ठग हरी चंद उर्फ बंटी पिछले कई दिनों से पुलिस विभाग के उच्चाधिकारियों को नशा तस्करी की झूठी सूचनाएं देकर उन्हें गुमराह करता था और कई पुलिस अधिकारियों और अन्य लोगों को ठगी का शिकार बना चुका था। गुप्त सूचना के आधार पर सीआईए डबवाली पुलिस की एक टीम ने उसे गांव डबवाली से गिरफ्तार किया था।