डबवाली। पुलिस द्वारा सर्दियों में धुंध व कोहरे के दौरान सड़क यातायात को सुरक्षित बनाए रखने के लिए यातायात एडवाइजरी जारी की गई है। पुलिस अधीक्षक डबवाली निकिता खट्टर ने बताया कि सड़क पर जब हम यातायात नियमों का पालन करेंगे तभी हम सड़क पर सुरक्षित रह सकते हैं। धुंध के मौसम में रिफ्लेक्टिव टेप बहुत ही कारगर साबित होती है। उन्होंने कहा कि ठंड के दिनों में कोहरे व धुंध के चलते सड़कों पर दृश्यता कम रहेगी। ऐसे में सड़कों पर वाहन का प्रयोग करते समय अधिक सावधानी बरतनी होगी।
धुंध में ओवरटेकिंग और लेन बदलने से बचें वाहन चालक
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि दृश्यता बेहद खराब होने की स्थिति में वाहन चालक सड़क पर पेंट की गई लाइन को गाइड के रूप में उपयोग करते हुए वाहन चलाएं। ड्राइव करते समय जरूरी है कि आपका पूरा ध्यान सड़क पर हो। धुंध के दौरान गाड़ियों की गति सीमा नियंत्रित रखने व मोबाइल फोन तथा म्यूजिक सिस्टम का उपयोग करने से बचे। इसके अतिरिक्त, बाहर की आवाज का ध्यान रखने के लिए वाहनों के शीशे थोड़ा नीचे रखें ताकि जो दिखाईं न दे सके उसे सुनकर यात्रा को पूर्ण रूप से सुरक्षित बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि यातायात पुलिस द्वारा वाहनों पर रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप भी लगाई जा रही है जो धुंध व कोहरे के मौसम में कारगर साबित होती है।
सुरक्षित यात्रा के लिए निम्न सावधानियां अपनाएं
- धीमी गति से चलें और आगे वाले वाहन से पर्याप्त दूरी रखें।
- लो-बीम हेडलाइट और फॉग लाइट का उपयोग करें, हाई-बीम न जलाएं।
- अचानक ब्रेक न लगाएँ, संकेत (इंडिकेटर) समय पर दें।
- सड़क किनारे रुकने से बचें, मजबूरी में पार्किंग लाइट/हैज़र्ड लाइट चालू रखें।
- ओवरटेक न करें, खासकर हाईवे पर।
- शीशे साफ रखें,डिफॉगर/वाइपर का सही उपयोग करें।
- नशे या थकान की अवस्था में ड्राइव न करें।
दोपहिया चालकों के लिए
- हेलमेट पहनें, रिफ्लेक्टिव जैकेट/स्टिकर का उपयोग करें ।
- सड़क के बीच में न चलें, लेन अनुशासन बनाए रखें।
पैदल यात्रियों/साइकिल चालकों के लिए
- रिफ्लेक्टिव कपड़े/लाइट का प्रयोग करें।
- सड़क पार करते समय विशेष सावधानी बरतें।