सिरसा। जिले के राजकीय स्कूलों में कक्षा चौथी से आठवीं तक की वार्षिक परीक्षा 26 फरवरी से शुरू होगी। इनका समापन 11 मार्च को होगा। इन परीक्षाओं के सफलतापूर्वक संचालन के लिए निदेशालय की तरफ से पहली बार सचल दल का गठन किया गया है। इसमें शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ स्कूल के शिक्षक शामिल होंगे। यह दल स्कूलों में जाकर कक्षा छठवीं से आठवीं तक की परीक्षाओं के दौरान व्यवस्थाओं की जांच करेंगे।
परीक्षाओं की तैयारी के लिए शिक्षा निदेशालय की ओर से जिला शिक्षा अधिकारियों को गाइडलाइन जारी की गई है। इसमें परीक्षाओं के दौरान स्कूलों में अनुकूल माहौल और सफाई के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षा विभाग ने अमित मनहर को इन दलों का नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। वहीं सीबीएसई से संबद्ध होने के कारण राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालयों की अभी परीक्षाएं नहीं होंगी। जिले में स्थित इन सात स्कूलों की परीक्षाओं का कार्यक्रम सीबीएसई से निर्धारित किया जाएगा।
हर खंड में बनाए गए पांच दल
शिक्षा विभाग की ओर से पहली बार बोर्ड परीक्षाओं की तर्ज पर सचल दल बनाए गए हैं। जिले में सात खंड हैं। प्रत्येक खंड में पांच दलों का गठन किया गया है। इस दौरान जिले में 35 दल बनाए गए हैं। प्रत्येक दल में दो सदस्य नियुक्त किए गए हैं, जो कक्षा छठवीं से लेकर आठवीं तक की वार्षिक परीक्षाओं में जाकर जांच करेंगे।
इस प्रकार चलेंगी परीक्षाएं
तारीख, कक्षा चौथी, पांचवीं, छठी, सातवीं, आठवीं
- 26 फरवरी, , , हिंदी, विज्ञान, अंग्रेजी
- 27 फरवरी, गणित, ईवीएस, , ,
- 28 फरवरी, , -, गणित, अंग्रेजी, विज्ञान
- 29 फरवरी, अंग्रेजी, हिंदी, -, -,
- 1 मार्च, -, -, अंग्रेजी, गणित, सामाजिक विज्ञान
- 2 मार्च, ईवीएस, गणित, -, -,
- 4 मार्च, -, , संस्कृत व अन्य, सोशल साइंस, हिंदी
- 5 मार्च, हिंदी, अंग्रेजी, -, -,
- 6 मार्च, -, -, विज्ञान, हिंदी, गणित
- 7 मार्च, -, -, ड्राइंग व अन्य, संस्कृत व अन्य, पंजाबी व अन्य
- 11 मार्च, -, -, सोशल साइंस, ड्राइंग व अन्य, होम साइंस व अन्य
जिले में पहली बार कक्षा छठवीं से लेकर आठवीं तक की वार्षिक परीक्षाओं के लिए सचल दलों का गठन किया गया है। जिले में कुल 35 दल बनाए गए हैं। यह दल राजकीय स्कूलों में जाकर परीक्षाओं की जांच करेंगे। - बूटाराम, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, सिरसा।