सिरसा। दोपहर बाद तेज हवा के साथ आई बारिश ने गर्मी से राहत दी। सिरसा में 5, कालांवाली में 22 और गोरीवाला में 8 एमएम बारिश हुई है। जिसके कारण शहर में कई स्थानों पर जलभराव की समस्या बन गई। वहीं दूसरी तरफ बार-बार बारिश होने के कारण किसानों की चिंता अब बढ़ रही है। नरमे की फसल में अब बीमारी लगने का भी खतरा बना हुआ है। वहीं शहर के साथ लगते गांव बेगू में जलभराव होने के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। हल्की बारिश होने के बाद यहां की गलियों व घरों में भी पानी घुस गया।
शुक्रवार सुबह से ही गर्मी व उमस के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई। दोपहर बाद तेज हवा के साथ आई बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी। शहर में नागरिक अस्पताल क्षेत्र में करीब एक घंटे बारिश होने पर इस क्षेत्र में जलभराव हो गया जबकि शहर के बरनाला रोड पर बूंदाबांदी होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। शहर के बाजारों की तरफ तेज बारिश होने के कारण परशुराम चौक, जनता भवन रोड, रेलवे फाटक, बाल भवन और नागरिक अस्पताल रोड पर जलभराव की समस्या बन गई। जिसके चलते वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बता दें कि बीते दिन भी शहर में 30 एमएम बारिश होने के कारण जलभराव की समस्या बनी रही। रातभर शहर से बारिश के पानी की निकासी का कार्य चलता रहा फिर भी कई हिस्सों में निकासी नहीं हो पाई।
बारिश से बढ़ा नरमे की फसलों में बीमारी का खतरा
लगातार हो रही बारिश ने किसानों की चिंता को बढ़ा दिया है। कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार इस मौसम में नरमे की फसलों में बीमारियां व कीटों के बढ़ने का प्रकोप बढ़ जाता हैं। वहीं दूसरी ओर किसान फसल में स्प्रे करने के लिए जैसे ही तैयारी करता है तो बादल मंडराने लग जाते हैं। इसके कारण किसान भी फसलों को कीटों से बचाने के लिए स्प्रे का छिड़काव नहीं कर पा रहे हैं। जिससे फसल खराब होने का खतरा बना हुआ है। वहीं मौसम विभाग ने एक अगस्त तक बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है।