सीआईए सिरसा पुलिस ने जिले में अलग-अलग स्थानों पर छापे मारकर गांव दड़बाकलां क्षेत्र से अवैध पिस्तौल और जिंदा कारतूस सहित एक युवक को तो डबवाली क्षेत्र में तीन लोगों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
सीआईए सिरसा पुलिस ने गश्त के दौरान रोहताश निवासी चाहरवाला को गांव दड़बाकलां क्षेत्र से एक व्यक्ति को काबू कर उसके कब्जे से 12 बोर का एक अवैध पिस्तौल और कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने पकड़े गए व्यक्ति से पिस्तौल सप्लायर का नाम पता मालूम कर इस संबंध में दो लोगों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत चोपटा थाना में अभियोग दर्ज कर सप्लायर की तलाश शुरू कर दी है।
एक अन्य मामले में स्पेशल स्टाफ पुलिस ने चेकिंग के दौरान सेवक सिंह निवासी देसूजोधा को एक अवैध पिस्तौल के साथ काबू किया है। स्पेशल स्टाफ के हैड कांस्टेबल अशोक कुमार के नेतृत्व में गठित एक पुलिस टीम ने सेवक सिंह को अवैध पिस्तौल के साथ ओढ़ा थाना क्षेत्र के गांव बनवाला से काबू किया। पकड़े गए आरोपी से सप्लायर के बारे में नाम पता मालूम कर इस संबंध में दो लोगों के खिलाफ ओढ़ा थाना में शस्त्र अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर सप्लायर की तलाश शुरू कर दी है।
सीआईए डबवाली पुलिस ने गश्त के दौरान महत्त्वपूर्ण सूचना के आधार पर सार्वजनिक स्थल पर जुआ खेलते तीन लोगों को 8510 रुपये की जुआ राशि व ताश के साथ सब्जी मंडी डबवाली क्षेत्र से काबू किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हंसराज, भरत कुमार व अजय कुमार निवासीगण मंडी डबवाली के रूप में हुई है। इस संबंध में आरोपियों के खिलाफ शहर डबवाली थाना में जुआ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया गया है।