हुडा सेक्टर में हुई जांच, लगी बसों की लाइन, किसी में अग्निशमन यंत्र नहीं तो कोई बिना जीपीएस के मिली
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। आरटीए विभाग की ओर से शनिवार को निजी स्कूल बसों की फिटनेस जांच की गई। जिलेभर से 28 स्कूलों की बसें फिटनेस जांच के लिए पहुंची। इसमें से 22 बसों को मानक पूरा होने पर पास कर दिया गया, लेकिन छह बसों में खराबी मिलने पर वापस भेजा गया है।
आरटीए विभाग की ओर महेंद्रगढ़ हादसे के बाद लगातार बसों की फिटनेस जांच की जा रही है। प्रशासनिक सख्ती से बचने के लिए निजी स्कूल संचालकों ने अपनी बसों को फिटनेस जांच के लिए भेजना शुरू कर दिया है। इस समय जिले में 277 निजी स्कूल बस संचालकों ने अपनी बसों की फिटनेस जांच नहीं करवाई है।
शनिवार को सुबह से ही हुडा सेक्टर में हुडा सेक्टर में निजी स्कूलों की बसें सुबह से ही लाइन में लग गईं। स्कूल बस के चालक मौके पर ही बसों में जो खामियां दर्शाई गई थी, उनको पूरा करने में लगे रहे। शनिवार को 28 निजी स्कूलों की बसें फिटनेस जांच के लिए आई। इनमें कई बसों में छोटी-मोटी खामियां थी, जिनको बस चालकों ने पूरा कर लिया, लेकिन बड़ी खामियों वाली बसों को वापस भेज दिया गया। छोटी खामियाें में रेडियम टेप का न होना, पेंट सही नहीं होना, स्कूल बस का स्लोगन न लगा होना था। इसे स्कूल बस चालकों ने ठीक करवा लिया। वहीं कई बसों में हालात खराब थे। दो बसों में अग्निशमन यंत्र के साथ-साथ उनमें रेडियम लाइट सही से नहीं लगी थी। इसके अलावा बिना जीपीएस, खराब हॉर्न, खराब टायर वाली छह बसाें को वापस भेज दिया गया।
जिले में 1447 बसें हैं पंजीकृत
सिरसा जिले में निजी स्कूलों की 1447 बसें पंजीकृत हैं। इनमें से 1177 स्कूली बसों की फिटनेस जांच हो चुकी है, लेकिन अभी तक 277 स्कूलों ने अपनी बसों की फिटनेस जांच नहीं करवाई थी। इनमें से 73 स्कूल संचालकों को आरटीए विभाग नोटिस भी जारी कर चुका है।
कोट्स
आरटीए विभाग की ओर से निजी स्कूल बसों की जांच के लिए शनिवार व रविवार का समय दिया गया है। कई स्कूल संचालक अपनी बसों को भेज रहे हैं। छोटी मोटी कमी होती है, तो उनको तुरंत इसको पूरा करने के आदेश देकर पास कर दिया जाता है, लेकिन कई खामियों वाली बसों को वापस भेजा जा रहा है। शनिवार को 28 निजी स्कूल बसें आई थी, जिनमें से 22 को पास कर दिया गया है और 6 बसों के मानक पूरा न होने पर उनको वापस भेज दिया गया है। - सुरेंद्र कुमार, डीलिंग हैंड, आरटीए, सिरसा।