संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। गांव अलीपुर टीटूखेड़ा स्थित पेट्रोल पंप पर तेल डलवाकर बाइक सवार दो बदमाशों ने कारिंदे को पिस्तौल दिखाकर 10 हजार रुपये लूट लिए। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में राजस्थान के गांव अरड़की निवासी सहदेव सिंह ने बताया कि वह गांव अलीपुर टीटूखेड़ा निवासी गुरमीत सिंह के पंप पर कारिंदे के तौर पर काम करता है। 16 जून की अलसुबह बाइक सवार दो युवक तेल डलवाने के लिए आए। दोनों युवकों ने 110 रुपये का पेट्रोल डलवाया और उसे 120 रुपये दिए। जैसे ही वह 10 रुपये का नोट देने लगा तो एक युवक ने उसके कान पर पिस्तौल लगा दी और उसके बैग में पड़े 10 हजार रुपये छीनकर भाग गए। उसने युवकों के जाने के बाद मालिक को सूचित किया। सूचना मिलने पर पुलिस व पंप मालिक मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।