डबवाली। नगर परिषद में करीब डेढ़ वर्ष के अंतराल के बाद नवनिर्वाचित चेयरमैन व पार्षदों की हाउस की आम बैठक मंगलवार को हुई। इसमें 20 पार्षदों और चेयरमैन सहित नगर के कार्यकारी सीईओ कनिष्ठ अभियंता ने पहली बैठक में भाग लिया। वार्डों की सफाई और गलियों की समस्याओं के निदान के लिए भी मुद्दा उठाया गया। पार्क, अनप्रूवड कॉलोनियों को अप्रूवड करवाने, शहर की लाइट व्यवस्था, पार्किंग सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए मांगें लिखित में पार्षदों द्वारा दी गई।
नवनिर्वाचित चेयरमैन टेकचंद छाबड़ा सहित 20 पार्षदों ने बैठक में शहर के विकास कार्यों और समस्याओं का समाधान करने की रूपरेखा तैयार की। बैठक में पार्षदों ने अपने अपने वार्डों की समस्याएं रखी। इस पर उनको आश्वासन मिला कि जल्द ही इन समस्याओं को दूर करने पर काम किया जाएगा।
बेसहारा पशुओं की समस्या को उठाया
बेसहारा पशुओं की समस्या शहर में आम बनी हुई है जिसकी वजह से हादसे हो रहे हैं। इन बेसहारा पशुओं को निर्धारित आश्रय देने की शीघ्र व्यवस्था की जाए। शहर में नशा करने के पदार्थ सरेआम बिक रहे हैं। जिससे शहर में आपराधिक घटनाएं दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही हैं। इसके लिए वार्ड में कैमरे को दुरुस्त करवाने, शहर में सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कर्मचारियों की नियुक्ति प्राथमिकता के आधार पर की जाए।
-समनदीप बराड़ पार्षद वार्ड 7, डबवाली
कबीर नगर में जनहित मेवाड़ की कुछ विशेष मांगों में अन्नपूर्ण खसरा को अप्रूवल करवाए जाने की समस्या को गंभीरता के साथ लिया जाए। कबीर नगर के प्रत्येक मकान का नंबर नगर परिषद के यूनिट नंबर के साथ लगाया जाए। पिछले काफी समय से वार्ड की गलियां कच्ची हैं और कई गलियों का कार्य अधर में लटका हुआ है, उसे प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करवाया जाए क्योंकि बरसात का मौसम होने के कारण गलियां कीचड़ से भरी रहती हैं। वार्ड में सीवरेज में पाइप लाइन की व्यवस्था करवाना सुनिश्चित की जाए।
-अमरनाथ बागड़ी पार्षद वार्ड 5, डबवाली
पंजाब एरिया के साथ लगता वार्ड होने के कारण असामाजिक तत्वों का निरंतर प्रवेश शहर की तरफ होता रहता है। इसे लेकर आपराधिक वारदात का अंदेशा अक्सर देखने को मिलता है। इसके लिए वार्ड में कैमरों की व्यवस्था करवाई जाए। वही ओवरब्रिज के नीचे कच्ची जगह को पक्का करवाया जाए क्योंकि वहां पर कूड़े कर्कट के ढेर का अंबार लगा रहता है। वार्ड के अंदर बंदरों का आतंक बहुत अधिक मात्रा में है। इस और शीघ्रता से ध्यान केंद्रित किया जाए। वही वार्ड की कुछ गलियों का निर्माण करवाया जाना शेष है।
-सुनील कुमार पार्षद वार्ड 21, डबवाली
शहर के बीचों बीच वार्ड होने के कारण सफाई व्यवस्था को बनाए रखने के लिए सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति की जाए। इस समस्या को प्राथमिकता के आधार पर हल करने की जरूरत है। बारिश का मौसम है ऐसे में सीवरेज व गलियों में विशेष ध्यान देने की जरूरत है। साथ ही सफाई व्यवस्था की ओर विशेष ध्यान दिया जाए। इतना ही नहीं लंबे समय से अधर में लटके हुए वार्ड के अधूरे कार्यों को पूर्ण किया जाए।
-विकास छाबड़ा पार्षद वार्ड 8, डबवाली