संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। दिवाली की रात रविवार को आतिशबाजी का सिलसिला शुरू होते ही दमकल विभाग के फोन लगातार घनघनाने लगे। पटाखों से निकली चिंगारियों के कारण शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक आग लगने की कई घटनाएं सामने आईं।
आग लगने की सूचनाएं मिलने पर दमकल विभाग की गाड़ियों को रातभर अलग-अलग स्थानों पर दौड़ लगानी पड़ी। आग बुझाने का यह सिलसिला सोमवार सुबह करीब पांच बजे तक जारी रहा।
जिलेभर में कुल 24 आग लगने की घटनाएं दर्ज की गईं। इन घटनाओं में बेगू रोड स्थित एक मकान और कंगनपुर रोड की फैक्टरी में लगी आग गंभीर प्रकृति की थी। इन दोनों स्थानों पर आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई गई है।
राहत की बात यह रही कि किसी भी घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। दमकल विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सिरसा शहर में सर्वाधिक 13 घटनाएं हुईं। कालांवाली और डबवाली में दो-दो, ऐलनाबाद में तीन व रानियां में चार घटनाएं दर्ज की गईं।
अधिकांश मामलों में पटाखों की चिंगारी से लकड़ियों, खुले में रखे सामान और अन्य ज्वलनशील वस्तुओं में आग लगी। दमकल विभाग की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर आग पर तुरंत काबू पाया। सुबह पांच बजे तक दमकल कर्मी आग बुझाने के काम में जुटे रहे।
बेगू रोड मकान में भीषण आग
सिरसा शहर में गीता हाई स्कूल वाली गली, बेगू रोड पर स्थित एक मकान में आग लगने की घटना गंभीर रही। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की लपटें तेज होने के कारण दमकल कर्मियों को इसे बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब एक घंटे तक लगातार प्रयास करने के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान मकान में रखा सारा सामान आग की चपेट में आ गया। इससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद आसपास के लोगों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
आग लगने के कारण और जांच
परिवार के सदस्यों ने दमकल कर्मियों को बताया कि वे दिवाली पर घर में पूजा-पाठ करने के बाद बाजार में पर्व की रौनक देखने गए थे। कुछ समय बाद पड़ोसियों ने फोन कर घर में आग लगने की सूचना दी। जब परिवार के सदस्य वापस पहुंचे, तब तक आग पूरे मकान में फैल चुकी थी। दमकल अधिकारी मान सिंह ने बताया कि मकान में आग लगने के कारणों का अभी सटीक पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर आशंका है कि पूजा के दौरान जलाई गई ज्योति से आग भड़की हो। यह भी संभावना है कि बाहर से आतिशबाजी अथवा पटाखों की चिंगारी मकान में पहुंचने के कारण आग लगी हो। फिलहाल, वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है।
कंगनपुर रोड फैक्टरी में लगी आग
दमकल अधिकारी मान सिंह ने यह भी बताया कि मकान मालिक परिवार की ओर से अभी तक आग लगने में हुए नुकसान की रिपोर्ट विभाग में दर्ज नहीं करवाई गई है। परिवार नुकसान का आकलन कर रहा है। दिवाली की रात सिरसा शहर में कंगनपुर रोड स्थित एक फैक्टरी में भी आग लग गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया। फैक्टरी में आग लगने से भी नुकसान हुआ है। इसके अलावा, शहर में आग लगने की अन्य घटनाएं सामान्य प्रकृति की रहीं, जिनमें अपेक्षाकृत कम नुकसान हुआ। इन सामान्य घटनाओं में अपेक्षाकृत कम नुकसान दर्ज किया गया। दमकल विभाग की तत्परता से बड़े हादसों को टाला जा सका।