संवाद न्यूज एजेंसी
ऐलनाबाद। गांव किशनपुरा के रकबा क्षेत्र में शुक्रवार को गेहूं की खड़ी फसल में आग लगने से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। तिलोकाराम निवासी किशनपुरा ने गुरविंदर सिंह निवासी मिठनपुरा की जमीन ठेके पर लेकर उसमें गेहूं की फसल बो रखी थी।
अज्ञात कारणों से अचानक फसल में आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। 2 एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। वहीं, आग की चपेट में आकर पास के खेत में खड़ी बाबा सिंह निवासी किशनपुरा की लगभग आधा एकड़ गेहूं की फसल भी जल गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किए।
इसके साथ ही फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ग्रामीणों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर मुआवजा दिलाने की मांग की है।