रानियां। शहर के भगत सिंह चौक के नजदीक सभरवाल बेकरी की दुकान में सोमवार देर रात आग लग गई। दावा है कि इससे लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना पाकर अग्निशमन कर्मचारियों ने बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बेकरी मालिक सुरेंद्र कुमार ने बताया कि एक पैलेस के सामने उनकी बेकरी की दुकान है। वह बेकरी का सामान भी तैयार करते हैं। सोमवार रात वह अपनी दुकान मंगलकर घर चले गए। मंगलवार सुबह आसपास के लोगों ने उन्हें दुकान में आग लगने की सूचना दी।
सूचना मिलने पर वह दुकान पर पहुंचे तो देखे कि दुकान में रखी 20 क्विंटल लकड़ियां, आटा, मैदा, चीनी, घी व एसी सहित अन्य सामान पूरी तरह से जल गया। घटना की सूचना उन्होंने अग्निशमन कार्यालय को दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। बेकरी मालिक ने बताया कि आग लगने से उनका लाखों रुपयों का नुकसान हुआ है।