सिरसा के गांव मल्लेकां में पराली में लगी आग।
सिरसा। सिरसा के गांव मल्लेका में पराली की गांठ बनाकर स्टोर की गई पराली में शाम के समय अचानक आग लग गई। आग की सूचना मिलने पर आस पास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और आग बुझाने का प्रयास किया। आग तेजी से फैलती गई। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया और पुलिस को जानकारी दी। दोनों मौके पर पहुंच गए। दमकल विभाग की पांच गाड़ियों ने आग बुझाने का प्रयास किया और आग पर काबू पाया।
वहीं, बेलर संचालक और ग्रामीणों ने अपना धरना शुरू कर दिया। इसके बाद डीएसपी व कृषि विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों व बेलर मालिक को समझाया। जानकारी के अनुसार गांव मल्लेका में पिछले पांच साल से बेलर संचालक पराली प्रबंधन का कार्य कर रहा है। उसने चार एकड़ में 1800 एकड़ की धान की पराली की गांठें बनाकर स्टोर की थी। जिसमें रविवार शाम को आग लग गई। इससे पूर्व भी अप्रैल माह में 27 से 28 हजार क्विंटल पराली को आग लग गई थी। बेलर मालिक के अनुसार विभाग की ओर से आज तक कोई मुआवजा नहीं दिलवाया गया है। ठेके पर जमीन लेकर पराली प्रबंधन करते हैं। सरकार से कोई सहयोग अभी तक नहीं मिला है। लाखों रुपये का अब तक नुकसान हो चुका है।