सिरसा। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ओर से जिले में पेयजल बचाओ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विभाग की टीमें मैदान में उतरकर पेयजल की बर्बादी रोकने के लिए कार्रवाई कर रही हैं। जिला सलाहकार राकेश सोगलान ने चेतावनी दी कि तीन दिन बाद यदि किसी खेत में अवैध जल कनेक्शन मिला तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ जल अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी।
अब तक पानी की बर्बादी करने वाले 50 से अधिक कनेक्शन काटे जा चुके हैं जबकि घरेलू और कॉमर्शियल कनेक्शन धारकों को करीब 100 नोटिस जारी किए गए हैं।
वीरवार को जिला सलाहकार ने बीआरसी राजेश कुमार और बीआरसी सीताराम के साथ खंड सिरसा के गांव झोरनाली का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गांव में कई स्थानों पर हरे चारे और सब्जियों की फसलों में अवैध रूप से जल कनेक्शन लगे मिले।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि कुछ किसानों ने मुख्य पाइपलाइन में सीधे कट लगाकर बिना विभागीय अनुमति के सिंचाई के लिए पेयजल का उपयोग किया हुआ था। अवैध कनेक्शन मिलने पर भारी जुर्माना लगाने के साथ-साथ पाइपलाइन को मौके पर ही काटकर जब्त कर लिया जाएगा।