संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। कल्याण नगर में गाड़ी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने के मामले में शहर थाना पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस को दी शिकायत में नवीन कुमार ने बताया है कि वह कल्याण नगर का रहने वाला है। तीन फरवरी रात एक बजे दो युवकों ने घर के बाहर खड़ी उसकी स्कॉर्पियो गाड़ी के ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। गाड़ी का सेफ्टी सायरन सुनकर वह उठा तो उसे दो युवक भागते हुए दिखाई दिए। इसके बाद उसने डायल 112 व दमकल विभाग को घटना की सूचना दी। दमकल कर्मियों ने गाड़ी में लगी आग को बुझाया। नवीन के मुताबिक उसने पड़ताल की तो पता चला कि गाड़ी को आग सौरभ व वसंत निवासी सिरसा ने लगाई थी। जांच अधिकारी अशोक कुमार का कहना है कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान जो सच्चाई सामने आएगी, उसी अनुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।