मारपीट में युवक घायल, चार पर प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
ओढ़ां। गांव पंजुआना में आपसी रंजिश में हुई मारपीट में एक युवक घायल हो गया। पुलिस ने घायल के बयान पर चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में गांव पंजुआना निवासी पप्पू राम बताया कि 4 अगस्त की रात्रि उसका भतीजा मंदीप किसी काम से उसके घर आया था। इसी दौरान गांव के कुछ लोग हाथों में कुल्हाड़ी, लाठी व लोहे के कुछ धारदार लेकर वहां पहुंचे और उसके साथ मारपीट करने लगे। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
इस मारपीट के दौरान पप्पू के सिर व शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटें आई। मारपीट में घायल हुए पप्पू राम को परिजनों ने उसे सिरसा के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया जांच अधिकारी एसआई हरविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने घायल पप्पू के बयान पर आरोपी बंस, जश्न, विक्रम व मंदरी सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।