चोपटा (सिरसा)। गांव दड़बा कलां में शराब कारोबारी के प्लाॅट में लगे सीसीटीवी कैमरे पर गोली चलाने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में चोपटा थाना पुलिस ने आरोपी गांव दड़बा कलां निवासी नंदलाल उर्फ कालू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। नंदलाल उर्फ कालू कांग्रेस की जिला अध्यक्ष संतोष बेनीवाल का पति है।
पुलिस ने गोली लगने से क्षतिग्रस्त कैमरे को जांच के लिए एफएसएल लैब हिसार भेजा था। रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ उक्त कार्रवाई की है। पुलिस को दी शिकायत में दड़बा कलां निवासी आकाश बेनीवाल ने बताया है कि उसके पिता उमेद सिंह ने चोपटा क्षेत्र के शराब ठेके लिए हुए हैं। एक साल पहले तक उक्त ठेके नंदलाल उर्फ कालू के थे। इसी कारण नंदलाल उनके परिवार के साथ रंजिश रहता है।
आकाश ने बताया कि इसी रंजिश के चलते 22 अगस्त 2025 को उसके प्लाॅट में लगे सीसीटीवी कैमरे पर नंदलाल ने बंदूक से तीन-चार फायर किए और जोर से ललकारा मारा कि आज तो सीसीटीवी कैमरा गिराया है अगली बार तेरे बेटे की गर्दन गिराएंगे। इसके बाद उसने चोपटा थाने में नंदलाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
जांच अधिकारी अशोक कुमार का कहना है कि पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे को कब्जे में लेकर जांच के लिए एफएसएल लैब हिसार भेजा था। जांच रिपोर्ट में गोली लगने से कैमरा क्षतिग्रस्त होने की पुष्टि हुई है। आरोपी नंदलाल उर्फ कालू के खिलाफ शस्त्र अधिनियम सहित अन्य आपराधिक धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।