सिरसा। बरनाला रोड स्थित मुक्ति केंद्र में व्यक्ति की मौत के मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी केंद्र संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस को दी शिकायत में पंजाब के मानसा जिले के गांव माखा निवासी गुरमीत कौर ने बताया कि उसकी शादी जसवीर सिंह से 13 साल पहले हुई थी और उनके तीन बच्चे हैं, जिनमें दो लड़कियां व एक लड़का है।
उसका पति जसवीर सिंह सात साल पहले नशे की गिरफ्त में आ गया था। नशे की लत छुड़वाने के लिए वह जसवीर को 12 सितंबर को सिरसा के बरनाला रोड स्थित ब्राइट फ्यूचर नशा मुक्ति केंद्र में लेकर आई। इसके बाद जसवीर को यहां दाखिल कर लिया गया। गुरमीत कौर का कहना है कि 12 सितंबर को उसके पति जसवीर सिंह की नशा मुक्ति केंद्र में मौत हो गई।
केंद्र संचालक अमनदीप ने उसे बताया कि जसवीर को हार्ट अटैक हुआ था। गुरमीत कौर का कहना है कि किसी ने उसके पति के शव का फोटो खींच लिया था। इसे देखने पर उसे पता चला कि जसवीर के शरीर पर चोट के निशान थे। इसके बाद गुरमीत कौर ने नशा मुक्ति केंद्र संचालक के खिलाफ 22 सितंबर एसपी को शिकायत दी। जांच अधिकारी जसवंत सिंह का कहना है कि नशा मुक्ति केंद्र संचालक आरोपी अमनदीप के खिलाफ लापरवाही से मौत की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गइ है।