सिरसा। नकली दूध और मिलावटी दुग्ध उत्पादों के खिलाफ शनिवार को गुरुद्वारा चिल्ला साहिब में जिला स्तरीय बैठक हुई। इसमें किसानों, पशुपालकों, मजदूरों और दूध कारोबार से जुड़े लोगों ने भाग लिया। बैठक में एक से 3 अक्तूबर तक प्रदेश में दूध की आपूर्ति बंद रखने का आह्वान किया गया।
बैठक में वीटा, वेरका, सरस और अमूल जैसी कंपनियों से तीन दिनों तक दूध के वाहन नहीं भेजने की अपील की गई। किसानों, पशुपालकों और दूधियों से भी दूध की खरीद-बिक्री बंद रखने को कहा गया। निर्णय लिया गया कि अभियान के दौरान दूध बेचते पाए जाने पर 51 हजार रुपये का सामुदायिक जुर्माना लगेगा।
यह राशि संबंधित क्षेत्र की गोशाला, गुरुद्वारे, मंदिर, मजार या डेरे को दी जाएगी। दूध ढोने वाले साधन जब्त होंगे और पकड़ा गया दूध गरीब बस्तियों में बांटा जाएगा। कंपनियों द्वारा वाहन भेजने पर होने वाले नुकसान की जिम्मेदारी उन्हीं की होगी।