सिरसा। ओलावृष्टि और बारिश से खराब हुई गेहूं व सरसों की फसल के मुआवजे के लिए सोमवार को किसानों ने रोष प्रदर्शन किया। किसान संगठनों ने उपमुख्यमंत्री आवास पर पहुंचकर मांग पत्र सौंपने का प्रयास किया तो पुलिस ने बरनाला रोड स्थित बाबा भूमण शाह चौक पर रोक दिया। इसके बाद किसानों ने रोड के एक तरफ साढ़े तीन घंटे तक धरना दिए रखा। इससे जाम की स्थिति बनी रही। दूसरे किसान संगठन ने लघु सचिवालय के समक्ष किसान धरने पर बैठे गए और अधिकारियों को मांग पत्र सौंपने के बाद लौट गए।
खराब फसलों का मुआवजा देने, जल्द फसलों की गिरदावरी करने, पोर्टलों से मुक्ति देने सहित अन्य मांगों को लेकर पगड़ी संभाल जट्टा संगठन के मनदीप नथवान की अध्यक्षता में शहीद भगत सिंह खेल स्टेडियम में एकत्र हुए। साढ़े 12 बजे किसान उपमुख्यमंत्री और बिजली मंत्री आवास पर मांग पत्र सौंपने की लिए निकले। पुलिस ने मंत्रियों के आवास की तरफ जाने वाले रास्ते पर बैरिकेड लगाकर उसे बंद कर दिया। किसानों ने पुलिस अधिकारियों के समक्ष मंत्री आवास पर पहुंचकर मांग पत्र सौंपने की बात रखी तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद किसान चौक पर ही धरने पर बैठ गए। दोपहर तीन बजे तक किसान धरने पर बैठे रहे। इसके बाद एसडीएम राजेंद्र कुमार किसानों से मांग पत्र लेने के लिए पहुंचे। डीएसपी के आश्वासन पर किसानों ने तीन बजे धरना समाप्त कर दिया। इस मौके पर बाबा गुरदीप सिंह झिड़ी, नरेंद्र सिंह, सतेंद्र सिंह, जसवीर सिंह, नरेश कुमार सहित अन्य किसान उपस्थित है।
लघु सचिवालय के समक्ष प्रदर्शन कर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
फोटो- 8
संयुक्त किसान मोर्चा गैर-राजनीतिक बीकेई ने लघु सचिवालय के समक्ष प्रदर्शन किया। किसानों ने एसडीएम राजेंद्र कुमार के माध्यम से मुख्यमंत्री को मांग पत्र भेजा। बीकेई अध्यक्ष लखविंद्र सिंह औलख ने कहा कि बेमौसमी बारिश व तेज हवाओं व ओलावृष्टि के कारण प्रदेश में रबी की फसलों को नुकसान हुआ है। सरकार किसानों को कागजों में उलझाने के बजाय गिरदावरी करवाकर तुरंत मुआवजा राशि जारी करे। छह महीनों तक किसानों के लिए सभी प्रकार की किश्तों, ऋणों के भुगतान को बिना ब्याज के स्थगित किया जाए। मंडियों में फसल की नमी व क्वालिटी की शर्तों में रियायत दी जाए। इस मौके पर प्रकाश ममेरा, गुरदास लकड़ावाली, आत्मा राम झोरड़, गुरलाल भंगू, हरमन मान, नछतर सिंह झोरड़ उपस्थित रहे।