संवाद न्यूज एजेंसी
चोपटा। सरसों की बिजाई का समय चल रहा है और डीएपी की कमी किसानों के लिए मुसीबत बनी हुई है। सहकारी समितियां के बिक्री केंद्रों पर कर्मचारियों की ओर से डीएपी वितरित नहीं करने की शिकायतें लगातार बढ़ती जा रही हैं। क्षेत्र के गांव बरासरी स्थित पैक्स के बिक्री केंद्र पर डीएपी बेचते समय किसानों की भीड़ को देखकर केंद्र पर ताला लगाकर चला गया। तब तक सिर्फ 27 किसानों को मात्र 54 बैग वितरित किए गए।
पैक्स बिक्री केंद्र पर 500 बैग डीएपी खाद आई हुई है। इस दौरान किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना मिलने पर जमाल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों को समझाया।
किसान राजू, सुरेंद्र कुमार, सुशील कुमार, सुनील ने बताया कि गांव बरासरी स्थित पैक्स के खरीद केंद्र पर डीएपी खाद के बैग आने की सूचना मिलने पर किसान सुबह से ही खरीद केंद्र पर पहुंच गए। वहां पर कर्मचारियों ने एक किसान को एक आधार कार्ड पर दो बैग खाद वितरित करने की सूचना दी। काफी संख्या में किसान खाद लेने के लिए बिक्री केंद्र पहुंचे। थोड़ी देर बाद कर्मचारी पैक्स पर ताला लगाकर चला गया।
बिक्री केंद्र पर कार्यरत कर्मचारी शाम पांच बजे तक भी केंद्र पर नहीं लौटा। किसान पूरे दिन इंतजार करते रहे। किसानों का आरोप है कि इस समय खेतों में काम का समय चल रहा है और सारा दिन बेकार हो गया और खाद भी नहीं मिली। अब सरसों की बिजाई कैसे करेंगे। किसानों ने बताया कि यह समय सरसों की बिजाई का समय चल रहा है और डीएपी खाद नहीं मिल रही है, जिसके कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बरासरी बिक्री केंद्र पर 500 बैग डीएपी खाद के पहुंचे हैं। मंगलवार को भी 27 किसानों को 54 बैग खाद वितरित की गई है। किसानों की भीड़ काबू से बाहर होने पर पुलिस को सूचित किया गया। बुधवार को पुलिस की मौजूदगी में खाद का वितरण होगा। -इंद्रपाल,पैक्स प्रबंधक