संवाद न्यूज एजेंसी
ऐलनाबाद। तहसील परिसर में डाक विभाग की सब ब्रांच मंगलवार को शुरू हो गई है। यह सरकारी कर्मचारियों और तहसील में आने वाले लोगों के लिए राहत देने वाला कदम है।अब इन्हें डाक को रजिस्टर्ड करवाने से लेकर स्पीड पोस्ट व अन्य सुविधाओं के लिए शहर में चार किलोमीटर दूर स्थित मुख्य डाकघर में नहीं जाना पड़ेगा। अब यहां डाक के साथ अब बैंकिंग और वित्तीय सेवाओं का लाभ उठा पाएंगे।
जानकारी के अनुसार तहसील में हर रोज अलग-अलग कामों से तीन से चार हजार लोग आते हैं। इसके अलावा सभी सरकारी विभागों के कर्मचारी होते हैं। कर्मचारियों को मुख्यालय पत्राचार व आपसी पत्राचार के लिए डाक सुविधा का प्रयोग करना पड़ता है। ऐसे में उन्हें शहर में चार किलोमीटर का तय कर मुख्य डाकघर जाना पड़ता था। इस प्रक्रिया में जहां समय बर्बाद होता था, आमजन के काम में भी देरी होती थी। इसलिए लंबे समय से डाक विभाग की शाखा खोलने मांग उठ रही थी। ऐसे में मंगलवार को तहसील परिसर में डाक विभाग की शाखा शुरू हो गई है। इससे सरकारी कर्मचारियों और लोगों को राहत मिलेगी। यहीं पर इन्हें सरकारी योजनाओं से लेकर अन्य सुविधाओं का लाभ मिल जाएगा। वहीं, डाक विभाग में कर्मचारी अपने बैंक खाता खुलवा पाएंगे और सरकार की स्कीमों का लाभ ले पाएंगे।
डाक विभाग द्वारा लागू की गई सभी सुविधाएं इस सब डिवीजन में शुरू हो गई हैं। यहां सरकार की अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत खाते भी खोले जा रहे हैं। डाक विभाग के सब ब्रांच में बैंकिंग व वित्तीय सेवाएं शुरू हो चुकी हैं। - महाबीर पंवार, उपप्रधान, बार एसोसिएशन।
डाक विभाग की ओर से लागू की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ वकीलों व अन्य लोगों को मिलेगा। वकीलों को डाक के माध्यम से दस्तावेज भेजने में परेशानी आती थी। अब ऐसी दिक्कत नहीं रहेगी।
- बलकार सिंह थिंद, प्रधान, बार एसोसिएशन।
सरकारी ओर से समय-समय पर लागू होने वाली सुविधाओं का लाभ आमजन व सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा। इसके अतिरिक्त सभी डाक विभाग की सेवाओं का लाभ मिलेगा। शहर के व आसपास के गांवों के लोगों को इस ब्रांच का लाभ मिलेगा। - कर्मवीर सिंह, एसपीएम , सब ब्रांच अधिकारी।