विभिन्न गांवों के किसानों ने मंगलवार को चौटाला रोड स्थित एक निजी स्कूल में होने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का विरोध किया। हाथों में काले झंडे लेकर जुटे किसानों ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हालांकि स्कूल के बाहर सुरक्षा के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए थे, लेकिन काफी संख्या में आए किसानों के रोष को देखते हुए यह शिविर रद्द करना पड़ा।
भाजपा ने चौटाला रोड स्थित एक निजी स्कूल में पार्टी कार्यकर्ताओं का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर रखा गया था। इसकी भनक लगते ही हरियाणा किसान एकता डबवाली द्वारा कार्यक्रम के विरोध का एलान सोमवार शाम को ही कर दिया गया था। मंगलवार सुबह विभिन्न गांवों से किसान चौटाला रोड पर कोर्ट कांप्लेक्स के समीप एकत्रित होने लगे, जिससे प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए।
प्रशासन व पुलिस द्वारा चौटाला रोड से स्कूल तक के रास्ते तक बैरिकेड्स के साथ भारी पुलिस बल तैनात था। इस दौरान हरियाणा किसान एकता डबवाली के प्रधान गुरप्रेम सिंह देसूजोधा के नेतृत्व में किसान प्रदर्शन करते हुए स्कूल भवन तक जाने वाले रास्ते तक पहुंच गए। पुलिस ने उन्हें बैरिकेड्स से आगे नहीं जाने दिया। किसानों ने वहीं खड़े होकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए काले झंडे भी दिखाए। इस दौरान किसानों ने भाजपा को शिविर लगाने के लिए जगह देने के लिए स्कूल के खिलाफ भी नारेबाजी की।
गुरप्रेम सिंह देसूजोधा व खुशदीप हैबुआना ने किसानों व अन्य लोगों से अपील की कि भाजपा का समर्थन करने वाले ऐसे स्कूलों में वे अपने बच्चों को न पढ़ाएं। किसानों के रोष प्रदर्शन के दौरान वहां तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई व किसानों ने एकजुटता से भाजपा के कार्यक्रम को रद्द करने की मांग की।
पांच किसान प्रतिनिधियों को ले जाया गया स्कूल के अंदर
एसडीएम डबवाली व एएसपी कालांवाली नीतिश अग्रवाल के नेतृत्व में डीएसपी डबवाली कुलदीप सिंह बैनीवाल, डीएसपी ऐलनाबाद जगत मोर, डीएसपी सिरसा आर्यन चौधरी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और किसान नेताओं से बात की। उन्होंने किसानों को बताया कि स्कूल में होने वाला भाजपा का प्रशिक्षण शिविर रद्द कर दिया गया है, लेकिन इसके बावजूद किसानों की मांग पर पुलिस द्वारा पांच किसान प्रतिनिधियों को स्कूल भवन के अंदर ले जाकर दिखाया गया कि वहां कोई भी कार्यकर्ता मौजूद नहीं है और कोई शिविर नहीं चल रहा।
इसके बाद किसान वहां से जुलूस की शक्ल में किसान एकता जिंदाबाद के नारे लगाते हुए वापस चले गए। इसके बाद प्रदर्शनकारी किसान नई अनाज मंडी में भी पहुंचे और वहां पर जननायक जनता पार्टी कार्यालय के समक्ष जमकर नारेबाजी की। इस दौरान जजपा के जिलाध्यक्ष सर्वजीत सिंह मसीतां भी कार्यालय में मौजूद थे। बाद में किसानों ने शहर के मेन बाजार में भी प्रदर्शन किया व शहीद चौक में पहुंचकर वहां स्थापित शहीद-ए-आजम स. भगत सिंह, राजगुरु व सुखदेव की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करते हुए उन्हें नमन किया। इस अवसर पर एसपी सिंह मसीतां, जसवीर अलीकां, गुरपाल मांगेआना, जगतार सिंह मिठड़ी, गुरमेल सिंह मटदादू, सुखप्रीत किंगरा मौजूद थे।