ऐलनाबाद। राजस्थान की सीमा से सटे पांच गांव के ग्रामीणों ने सिंचाई पानी की मांग को लेकर रोड जाम किया गया। शुक्रवार सुबह 11 बजे से लेकर रविवार शाम छह बजे तक ऐलनाबाद से राजस्थान के नोहर को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग 56 घंटे तक जाम रहा। रविवार देर शाम समाजसेवी मीनू बैनीवाल के आश्वासन पर किसानों ने रोड जाम को खोल दिया।
किसानों ने बताया कि 13 जुलाई को ओटू हेड से निकलने वाली ढाणी शेरा फ्लड़ी नहर में पानी छोड़ दिया था। 16 दिन बीत जाने के बावजूद 30 जुलाई शाम तक भी टेल पर पानी नहीं पहुंच पाया है। किसान आगामी रणनीति बनाकर नोहर रोड जाम कर दिया। रविवार को समाजसेवी कप्तान मीनू बैनीवाल ने धरने पर बैठे सभी ग्रामीणों व किसानों से वीडियो कॉलिंग के माध्यम से बातचीत की। उन्होंने किसानो को आश्वस्त किया कि उनकी समस्या का हल हो जाएगा। इसके बाद किसानों ने रोड जाम खोल दिया। बैनीवाल ने किसानों को सोमवार को सुबह 11 बजे अपने निवास स्थान पर गांव तरकांवाली बुलाया। इस मौके पर किसान नेता प्रकाश सिहाग, मेघाराम सोलंकी, रामकुमार गोदारा, नौरंग भांभू, कुलदीप मुंदलिया, पनाराम सिहाग, रामस्वरूप गोदारा, धर्मवीर मुंदलिया मौजूद रहे।