बोले- माइनर का तल गहरा और चौड़ाई भी ज्यादा, आखिरी छोर तक नहीं मिल पाएगा पूरा पानी
फोटो 31 व 32
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। शेरांवाली माइनर के तल को ऊंचा उठाने और चौड़ाई कम करने की मांग के लिए पांच गांव के ग्रामीणों ने माइनर पर धरना शुरू कर दिया है। किसानों का कहना है कि माइनर का तल ज्यादा गहरा है और चौड़ाई भी ज्यादा है। इस कारण आखिरी छोर तक किसानों को पूरा पानी नहीं मिल पाएगा। ऐसे में फसल पक नहीं पाएगी और उनके भूखे मरने की नौबत आ जाएगी।
गांव बकरियांवाली, गुड़िया खेड़ा, चौबुर्जा, मोडिया खेड़ा और माधोसिंघाना के ग्रामीणों ने धरना शुरू करने बाद उपायुक्त से भी पत्राचार किया। किसानों ने माइनर को उनकी मांग के अनुरूप बनाने के लिए कहा है। साथ ही चेतावनी भी दी है कि यदि ऐसा नहीं किया जाता है तो किसान अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर देंगे।
धरने पर बैठे सतनाम, सुभाष, भूप सिंह ,जगदीश व अन्य किसानों ने बताया कि नहराना हेड से शेरांवाली की ओर जाने वाली माइनर का निर्माण करवाया जा रहा है। माइनर के तल को गहरा और चोड़ा किया जाना है। इस माइनर से गांव बकरियांवाली, माधोसिंघाना, गुड़िया खेड़ा, मोडियाखेड़ा, चौबुर्जा सहित अन्य गांव भी जुड़े हुए हैं। इन सभी गांवों के किसानों के खेतों में माइनर से पानी लगता है। किसानों का कहना है कि माइनर का तल ज्यादा गहरा है और चौड़ाई भी ज्यादा है। इस कारण आखिरी छोर तक किसानों को पूरा पानी नहीं मिल पाएगा। किसानों के लिए माइनर ही जीवन का आधार है। किसानों ने चेतावनी देते हुए कहा कि माइनर के किनारे पर प्रर्दशन करते हुए कोई दुर्घटना होती है, तो उसका जिम्मेदार प्रशासन होगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने उनकी मांगों को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई तो किसान धरने को अनिश्चितकालीन कर देंगे।