डबवाली। चौटाला नहर क्षेत्र के समस्त किसानों की अगुवाई कर रहे शिष्टमंडल ने मंगलवार को सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी के निर्देश पर नहरी विभाग के उच्च अधिकारियों से मुलाकात की। बैठक सिरसा के लोक निर्माण विश्राम गृह में आयोजित की गई। इस बैठक में किसानों के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान चीफ इंजीनियर मोहनलाल ने किसानों की समस्याओं को सुनते हुए संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि नहर की समुचित सफाई हो, उसमें मौजूद अवैध अतिक्रमणों को हटाया जाए और जलप्रवाह को सुचारू प्राथमिकता के साथ बनाया जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि आगामी दिनों में जब नहर में पानी छोड़ा जाए, तो हाल में चौटाला टेल तक सिंचाई के लिए पानी पहुंचे। यह सुनिश्चित होना चाहिए। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों को विशेष निगरानी और व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। बैठक में एसई पवन भारद्वाज, एक्सईएन मनदीप बेनीवाल, जेई प्रवीण कुमार और जेई रोहित शर्मा सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
किसानों का नेतृत्व कर रहे दयाराम उलानिया, अश्वनी सहारण, अनिल जाखड़, भंवरलाल छिम्पा, कपूर सिंह और सरदार छोटू राम कड़वासरा ने किया। किसानों ने नहर की स्थिति, सफाई और पानी वितरण से संबंधित तमाम समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष मजबूती से रखा।
बिना स्ट्रक्चर के नहीं होगा पानी का माप
चीफ इंजीनियर मोहनलाल ने आदेश दिए कि जब तक टेल पर स्ट्रक्चर नहीं बनता, तब तक कोई भी बेलदार या एसडीओ विभाग को पानी का माप नहीं भेजेगा। यह कदम पारदर्शिता और वास्तविक स्थिति के आंकलन के लिए उठाया गया है, ताकि किसानों को उनके हिस्से का पूरा पानी समय पर और न्यायसंगत रूप से मिल सके।
किसानों ने उच्चाधिकारियों की कार्रवाई पर जताया संतोष
बैठक में शामिल सभी किसान नेताओं ने अधिकारियों के रुख और तत्परता की सराहना की। उन्होंने कहा कि यदि इसी प्रकार प्रशासनिक मशीनरी सक्रियता से काम करती रही तो आने वाले दिनों में चौटाला नहर क्षेत्र के किसानों को सिंचाई से संबंधित कोई परेशानी नहीं होगी।