सिरसा। सांसद एवं कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) सदस्य कुमारी सैलजा ने आरोप लगाया कि किसानों की आय दोगुनी करने का वादा करके सत्ता में आई भाजपा सरकार में किसान फसल बेचने के लिए भटक रहे हैं। पोर्टल की बाध्यताओं, तकनीकी खामियों और खरीद प्रबंधों की कमी से किसानों को परेशानी हो रही है।
वीरवार को जारी बयान में सांसद ने कहा कि धान और कपास की आवक के बीच मंडियों में शेड, तिरपाल, जल निकासी और उठान की व्यवस्था न होने से बारिश में फसल भीग रही है और किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
सैलजा ने कहा कि करोड़ों का कारोबार करने वाली मार्केट कमेटियां भी फसल सुरक्षित रखने के पर्याप्त इंतजाम नहीं कर पाई हैं। उन्होंने पोर्टल संबंधी अनावश्यक बाध्यताएं हटाने, पूरी उपज की समयबद्ध खरीद, खराब फसलों के सर्वे, प्रभावित किसानों को मुआवजा, मंडियों में सुविधाएं और समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की।
अंकिता भंडारी के माता-पिता को न्याय मिले
उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा ने अंकिता भंडारी के माता-पिता को दिल्ली के इंडिया गेट पर धरने से पुलिस की ओर से हटाए जाने की निंदा की। उन्होंने इसे संवेदनहीनता बताते हुए कहा कि अपनी बेटी के लिए न्याय मांग रहे परिवार की आवाज दबाना लोकतांत्रिक अधिकारों पर प्रहार है। परिजन मामले में कथित वीआईपी की भूमिका की सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं और जांच पूरी होने तक संबंधित व्यक्ति की राज्यपाल पद पर नियुक्ति का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कथित तौर पर सुबह चार बजे हुई पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए सरकार से जवाब मांगा और मामले की निष्पक्ष जांच तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।