सिरसा। नागरिक अस्पताल में रविवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल के पहुंचने की सूचना पर किसान काले झंडे लेकर पहुंच गए। पुलिस बल ने किसानों को नागारिक अस्पताल से कुछ दूरी पर ही रोक लिया और किसानों को वहां से जाने की बात कही, लेकिन किसान अड़े रहे। इसके बाद पुलिस ने किसानों पर लाठियां बरसाकर खदेड़ना शुरू कर दिया। ऐसे में कई किसान तो मौके से भाग गए तो करीब 20 किसानों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया और बस में बैठाकर अपने साथ ले गई।
कृषि कानूनों का विरोध जताने के लिए किसान नेता सिंकदर सिंह के आह्वान पर एक गुट के कुछ किसान नागरिक अस्पताल के बाहर पहुंचे थे। जबकि किसानों का दूसरा गुट प्रहलाद सिंह भारूखेड़ा की अध्यक्षता में शहीद भगत सिंह खेल स्टेडियम में एकत्र हुआ। खेल स्टेडियम से निकलने से पहले पुलिस ने एक गुट को रोके रखा, जबकि नागरिक अस्पताल के बाहर पहुंचे किसानों के दूसरे गुट ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने किसानों हटाने के लिए लाठियां बरसानी शुरू कर दी, हालांकि किसी किसान के घायल होने की जानकारी नहीं है।
नागरिक अस्पताल के बाहर काले झंडे लेकर विरोध कर रहे करीब 20 किसानों को बस में बैठाकर सदर थाने लाया गया। किसानों पर अभी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। किसान मुख्यमंत्री का विरोध करने के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। - आर्यन चौधरी, डीएसपी, सिरसा